हरिद्वार, 6 अक्टूबर। थाना पथरी पुलिस ने कटारपुर गांव में हुई फायरिंग के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम देने के साथ 112 पर कॉल कर खुद पर जानलेवा हमले की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास भी किया था।
सोमवार को ग्राम कटारपुर में पुरानी रंजिश के चलते तमंचे से फायरिंग करने की घटना सामने आयी थी। मुकद्मा दर्ज कर एसएसपी के निर्देश पर जांच पड़ताल करते हुए पुलिस टीम ने घटना में नामजद आरोपी अर्जुन पुत्र सुरेन्द्र निवासी ग्राम कटारपुर को गिरफ्तार कर उसकी निशांदेही पर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा व खोखा कारतूस बरामद कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बीते साल विक्की व उसके साथियों द्वारा उसके साथ फायरिंग की घटना की गयी थी। जिसके सम्बन्ध में उनका कोर्ट में मुकदमा चल रहा है।
इसी रंजिश के कारण उसने विक्की के ऊपर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिये 112 पर कॉल कर विक्की द्वारा पुनः उसके ऊपर फायरिंग करने की सूचना दी थी। पुलिस टीम में फेरूपुर चौकी प्रभारी एसआई मोहन कठैत, कांस्टेबल नरेश बहुगुणा, रविन्द्र बिष्ट, सोहन राणा, अनिल पंवार, सुबोध शर्मा शामिल रहे।




