हरिद्वार, 24 जुलाई। महिला से दुष्कर्म, मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रह पांच हजार के इनामी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वारदात में शामिल चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पथरी थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बलात्कार कर जान से मारने की धमकी देने व कान के कुंडल लूट लिए जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद तहकीकात में जुटी पुलिस टीम ने वारदात में शामिल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन एक आरोपी सुधीर उर्फ लक्की पुत्र सुन्दर निवासी ग्राम दुर्गागढ थाना पथरी पुलिस के हाथ नहीं लग सका था और लगातार फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे आरोपी पर एसएसपी ने पांच हजार का ईनाम घोषित किया था। आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही पुलिस टीम ने बृहष्पतिवार को कटारपुर के पास से एक संदिग्ध को दबोच लिया। जिसकी पहचान आरोपी सुधीर उर्फ लक्की के रूप में होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में एसआई शाहिदा परवीन, कांस्टेबल नारायण सिंह व राकेश नेगी शामिल रहे।


