हरिद्वार, 18 अगस्त। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता ने देहरादून की भांति भारी वर्षा के पूर्वानुमान पर विद्यालयों में अवकाश घोषित किए जाने की मांग की है। जिला अधिकारी को भेजे पत्र में विपिन गुप्ता ने कहा है कि वर्तमान में भारी वर्षा के कारण हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। कई सड़कें खराब होने के कारण गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती।
ऐसी स्थिति में विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी रहती है। ई-रिक्शा एवं अन्य वाहनों के पलटने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। विपिन गुप्ता ने कहा कि देहरादून जनपद की भांति हरिद्वार में भी मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा का पूर्वानुमान अथवा चेतावनी जारी किए जाने पर विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालयों में अवकाश घोषित करने की कृपा करें। बच्चों की सुरक्षा सदैव प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता रहती है। इसलिए समय रहते अवकाश घोषित करने से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अनावश्यक जोखिम से बचाया जा सकेगा।


