हरिद्वार। मां और झुंड से बिछड़कर जंगल में अकेले मिले दो नन्हे गजराज अब एक-दूसरे का सहारा बनकर बड़े हो रहे हैं। राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज स्थित हाथी बाड़े में करीब दस महीने से रह रहे विराट और अभय को अब जंगल के जीवन के लिए तैयार किया जा रहा है। वन विभाग की निगरानी में दोनों की ट्रेनिंग के साथ खानपान और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कभी बेहद कमजोर हालत में जंगल में लावारिस हालत में मिले दोनों गज शिशु अब स्वस्थ हैं और दिनभर एक-दूसरे के साथ खेलते और परिसर में घूमते नजर आते हैं।
दोनों नन्हे हाथी के बच्चे जंगल में जब मिले थे, तब उनकी हालत बेहद नाजुक थी। यदि जंगल में वनकर्मियों को दोनों नहीं मिलते तो, शायद आज जीवित भी नहीं रह पाते। दोनों को रेस्क्यू करके राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में बने एलीफेंट रेस्क्यू सेंटर के हाथी बाड़े में रखा गया। एक का नाम विराट और दूसरे का नाम अभय रखा गया।
अधिकारियों के अनुसार, विराट देहरादून के लच्छीवाला जंगल में हाथियों के झुंड से बिछड़ गया था और अकेला लावारिस हालत में मिला था। उस समय विराट की आयु करीब 02 से 03 महीने की थी। इसी तरह अभय हरिद्वार वन प्रभाग की श्यामपुर रेंज के खारा क्षेत्र में अकेला और असहाय मिला था। गश्त के दौरान अभय जब मिला था, तब वह मात्र एक-दो दिन का ही नवजात था। श्यामपुर के जंगल में मिला अभय इतना कमजोर था कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। वन विभाग की टीम ने दोनों बच्चों को रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में लिया और बाद में उन्हें चीला रेंज स्थित हाथी बाड़े में रखा गया।
हाथी बाड़े की इंचार्ज कंचन नौटियाल ने बताया कि दोनों हाथी शिशुओं को जब जंगल से रेस्क्यू कर लाया गया था, तब दोनों की हालत बेहद नाजुक थी। लेकिन डॉक्टरों, महावत और समस्त स्टाफ के प्रयास से आज दोनों स्वस्थ हो गए हैं। अभय को श्यामपुर के जंगल और विराट को लच्छीवाला से रेस्क्यू किया गया था। दोनों एक दिन में 25-25 लीटर दूध पीते हैं। धीरे-धीरे दोनों बड़े हाथियों के साथ घुलने-मिलने लगे हैं। केयर टेकर की बात सुनते हैं और उनके साथ खेलते भी हैं। दोनों को मूवमेंट कराने के लिए बड़े हाथियों के साथ जंगल भी ले जाया जाता है। उन्हें बड़े हाथियों की तरह सिखाया जा रहा है कि कैसे सूंड से पानी पिया जाता है और सेहतवर्धक हरा चारा खाया जाता है।
चीला रेंज के रेंज अधिकारी अंचल सिंह गौतम ने बताया कि एलीफेंट रेस्क्यू सेंटर में बने हाथी बाड़े में इस समय नौ पालतू हाथियों को रखा गया है, जिनमें दो हाथियों से जंगल सफारी कराई जाती है। सभी हाथियों का समय-समय पर हेल्थ चेकअप किया जाता है। पशु चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में डाइट प्लान के अनुसार चारा दिया जाता है, सभी की देखभाल के लिए महावत रखे गए हैं। महावत और चारा काटने वाले पालतू हाथियों को जंगल की सैर कराने और चारा खिलाने के लिए साथ ही जाते हैं। विराट और अभय, दोनों नन्हे हाथी, पूरी तरह स्वस्थ हैं और अब दोनों को जंगल के तौर-तरीके सिखाए जा रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार केवल अभी दोनों को दूध ही दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पालतू हाथियों द्वारा ही पर्यटकों को जंगल सफारी कराई जाती है, जल्द ही पार्क प्रशासन जंगल सफारी शुरू करने वाला है।




