सनातन संस्कृति, परंपरा, आस्था और संत समाज की एकजुटता का सबसे बड़ा प्रतीक है कुंभ मेला-श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 24 नवम्बर। श्रीपंच अग्नि अखाड़े के महासचिव श्रीमहंत संपूर्णानंद ब्रह्मचारी ने मंगलवार को निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रुपरी महाराज से भेंट की। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर और चित्र भेंटकर श्रीमहंत संपूर्णानंद ब्रह्मचारी का स्वागत किया। इस दौरान कई संत महंत मौजूद रहै।
भेंटवार्ता के दौरान श्रीमहंत संपूर्णानंद ब्रह्मचारी ने कुंभ मेला प्रशासन द्वारा अखाड़ों को सुविधा उपलब्ध नहीं कराए जाने पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अखाड़े अपनी और से कुंभ मेले को दिव्य और भव्य बनाए जाने की तैयारियों में जुटे हैं। अगले महीने से अखाड़ों में धर्मध्वजा स्थापना और अन्य गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। अखाड़ों के रमता पंचों की जमात भी हरिद्वार पहुंचने लगेंगी। लेकिन कुंभ मेला प्रशासन द्वारा अभी तक अखाड़ों को किसी प्रकार की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं करायी गयी है। उन्होंने कहा कि नासिक में कुंभ मेला शुरू होने में अभी काफी समय शेष है।
इसके बावजूद महाराष्ट्र सरकार और नासिक कुंभ मेला प्रशासन द्वारा सभी 13 अखाड़ों में 7-7 करोड़ रूपए के निर्माण कार्य कराने के साथ अन्य सुविधा उपलब्ध करा दी गयी हैं। लेकिन हरिद्वार में स्थिति इसके बिल्कुल उलट है। कुंभ मेला शुरू होने वाला है और अखाड़ों की अब तक कोई सुध नहीं ली गयी है। जो चिंता का विषय है। अखाड़ा परिषद को संतों की चिंता से कुंभ मेला प्रशासन को अवगत कराना चाहिए। जिससे कुंभ मेला दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न हो सके।
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेला सनातन संस्कृति, परंपरा, आस्था और संत समाज की एकजुटता का सबसे बड़ा प्रतीक है। ऐसे विशाल धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी अखाड़ों और मेला प्रशासन के बीच आपसी तालमेल, सहयोग और समन्वय होना बेहद जरूरी है। जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर उन्हें संतों की चिंता से अवगत कराया जाएगा। महामंडलेंश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी महाराज एवं श्रीमहंत विचित्रानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि सभी अखाड़े मिलकर हरिद्वार कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप में संपन्न कराएंगे। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरि महाराज, महामंडलेश्वर वैराग्यानंद पुरी, महाराज, श्रीमहंत रामरतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महंत राज गिरी सहित कई संत महंत मौजूद रहे।




