हरिद्वार, 24 नवम्बर। आठ साल की मासूम के बिजली लाइन की चपेट में आने और प्रशासन द्वारा इसका संज्ञान लेने के बाद जागे विद्युत विभाग ने धनपुरा गांव में मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन को शिफ्ट कर दिया है। 22 नवम्बर को आठ साल की मासूम बच्ची बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थी। मामला मीडिया में प्रमुखता से उठने और प्रशासन के संज्ञान लेने के बाद विद्युत विभाग की टीम ने कार्रवाई शुरू करते हुए 23 नवम्बर को गांव पहुंचकर लाइन को शिफ्ट करने के लिए सर्वे किया।
इसके बाद 24 नवम्बर को बिजली लाइन हटाने का काम पूरा कर दिया गया। घरों के ऊपर गुजर रही बिजली लाइन हटने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। सामाजिक कार्यकर्ता मौ.सलीम ने बताया कि अधिकारियों को बिजली लाइन पुराने विवादित रास्ते के बजाय दूसरे सुरक्षित रास्ते से ले जाने का सुझाव दिया गया था। सैकड़ों मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की वजह से हमेशा किसी बड़े हादसे का डर बना रहता था।
ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। 18 मई 2026 को मौ.सलीम, उपप्रधान सलीम अहमद और क्षेत्र पंचायत सदस्य मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरिद्वार को प्रार्थना देकर प्रस्तावित रास्ते की राजस्व विभाग से पैमाइश कराने और बिजली लाइन को सुरक्षित रास्ते से शिफ्ट करने की मांग की थी। इसके बावजूद लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मो.सलीम ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले विधायक निधि से बिजली लाइन हटाने का काम शुरू कराया गया था।
लेकिन एक स्थानीय किसान की आपत्ति के कारण काम बीच में ही रुक गया। इसके बाद यह मामला लंबे समय तक लटका रहा। मासूम बच्ची के साथ हुई घटना के बाद उन्होंने एक बार फिर इस मामले को उठाया। स्थानीय पत्रकारों ने भी खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद 23 नवंबर को बिजली विभाग की टीम गांव पहुंची और अधिकारियों ने मौके पर सर्वे कर बिजली लाइन को शिफ्ट कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि मकानों की छत के ऊपर से होकर गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की वजह से हर समय डर बना रहता था। लाइन हटने के बाद राहत मिली है।




