क्राईम मीटिंग में अपराध समीक्षा के दौरान जारी किए निर्देश
हरिद्वार, 20 जून। रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित क्राईम मीटिंग में एसएसपी ने मई माह में जनपद में घटित आपराधिक घटनाओं एवं उनके खुलासे की समीक्षा की। क्राईम मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बच्चा चोरी के तीन बड़े मामलों के खुलासे पर मातहतों की पीठ थपथपाई और सोमवती अमावस्या स्नान सकुशल सम्पन्न कराने के लिए की गई मेहनत की सराहना की।
बीते माह घटित अपराधों एवं उनके खुलासे की समीक्षा सहित लंबित विवेचनाओं, गंभीर अपराध, चारधाम यात्रा, पुलिस के निर्माणाधीन भवनों के निर्माण कार्य, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को गैंग बनाकर उत्पात मचा रहे लड़कों पर फोकस करने और उन्हे सही रास्ते पर लाने का प्रयास करने।
अवैध अस्लाह लेकर सोशल मीडिया पर रीलबाजी कर रहे तत्वों को चिन्हित कर सख्ती से निपटने, कांवड़ यात्रा की तैयारियों को समय से पूरा करने, जरूरी निर्माण, मरम्मत कार्यों, जरूरी उपकरण, सामान के लिए समय से पत्राचार करने करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे अभियानों में हरिद्वार पुलिस का प्रदर्शन अच्छा है। सभी और अधिक सक्रियता दिखाएं।
बच्चा चोरी के मामलों के खुलासों में मातहत अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाते हुए एसएसपी ने कहा कि कनखल, कलियर, और हरिद्वार में घटी बच्चा चोरी की घटनाएं बेहद गंभीर थी। तीनों मामलों में बच्चों की सकुशल रिकवरी में जवानों की मेहनत काबिलेतारीफ है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को डायल 112 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण करने, ऑनलाइन प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेने, भारी गर्मी के बीच सभी फायर स्टेशन को अलर्ट मोड़ पर रहने, महिला संबंधी अपराधों के मामले में पीडिता से मुलाकात कर मामले की पूरी जानकारी लेने और मदद करने, छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने स्कूलों के गेट पर पुलिसकर्मियों की मौजदूगी, बैंकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजार में प्रतिदिन औचक दौरा करने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि इंतजार करने के बजाए अपराध होने से रोकना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। लंबित मुकदमों का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। सत्यापन अभियान जारी रखने और शाम के वक्त फोर्स के साथ थाना क्षेत्र में निरंतर चैकिंग करना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखरचंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, कोतवाली व थाना प्रभारी मौजूद रहे।


