तनवीर
हरिद्वार, 7 अप्रैल। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस में गतिविधियां तेज हो गयी है। प्रदेश प्रभारी के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल अलग-अलग जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे हैं। मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल हरिद्वार पहुंचे और जयराम आश्रम में कार्यकर्ताओं के साथ हरिद्वार में होने वाली बैठक को लेकर चर्चा की।
पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आगामी 2027 के चुनाव को देखते हुए उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा का महत्वपूर्ण दौर होने जा रहा है। प्रदेश प्रभारी हरिद्वार में भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेेंगी। जिसकी तैयारियों को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की है।
पीसीसी कमेटी के गठन में देरी के सवाल पर गणेश गोदियाल ने कहा कि 5 राज्यों के चुनाव की व्यस्तता के चलते इसमें देरी हो रही है और उन्हें उम्मीद है कि प्रदेश प्रभारी के दौरे के बाद जल्द ही पीसीसी कमेटी की घोषणा हो जाएगी। गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट है। हरीश रावत भी जल्द ही जनता के बीच जाकर पार्टी की मुहिम को आगे बढ़ाएंगे। 2027 के चुनाव में कांग्रेस जीत हासिल कर प्रदेश में सरकार बनाएगी। पांच राज्यों में हो रहे चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि असम और केरल में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। तमिलनाडु में कांग्रेस गठबंधन जीत दर्ज कर सरकार बनाएगा। इसके अलावा पांडुचेरी में भी कांग्रेस अच्छा करने जा रही है।
गणेश गोदियाल ने असम के सीएम हेमंत विश्व शर्मा की बयानबाजी पर कहा कि उन्हें मर्यादा में रहकर बयानबाजी करनी चाहिए। गौरतलब है कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का पंाच दिवसीय दौरा बुधवार से शुरू हो रहा है। इस दौरान कुमारी शैलजा पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगी।


