तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह संपन्न , कोच एवं खिलाड़ियों को किया सम्मानित

Haridwar News
Spread the love


स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लें खिलाड़ी-आदेश चौहान
हरिद्वार, 30 अगस्त। डिस्ट्रिक्ट वुशु एसोसिएशन, डायनेमिक स्पोर्ट्स एकेडमी मिस्सरपुर और जन अधिकार अभियान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न हो गया। इस अवसर पर देश के प्रसिद्ध राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस दौरान राष्ट्रीय क्रिकेट कोच प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय एथलीट्स कोच भारत भूषण, स्टेट कबड्डी कोच धर्मेद्र चौहान, बैडमिंटन खिलाड़ी मनोज खन्ना, योगा कोच ईशा सैनी, वुशु कोच लव कुश, शिवांश, वुशु खिलाड़ी वंशिका, वर्षा, एथलीट कुमारी अंतिमा, वॉलीबॉल खिलाड़ी हिमांशु थपलियाल, क्रिकेट खिलाड़ी दिव्यांश व कृष्णा को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, रुद्राक्ष की माला और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथी रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे खेलो इंडिया अभियान से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिला है। खेल और खिलाड़ियों के कौशल में सुधार हुआ है। अनेक प्रतिभावान खिलाड़ी सामने आए हैं। उन्होंने हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया की तरह खेल के प्रति निष्ठा पैदा करने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद हरिद्वार समेत उत्तराखंड के सभी खिलाड़ियों को प्रांतीय और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का अवसर मिला है और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में पहली बार आयोजित किए गए राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों से स्वामी विवेकानंद के जीवन से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि खेल जीवन के लिए आवश्यक हैं। खेलों से आत्मविश्वास बढ़ता है। मानसिक विकास होता है। स्वास्थ्य बेहतर बनता है। डिस्ट्रिक्ट वुशु एसोसिएशन की सचिव एवं राष्ट्रीय कोच आरती सैनी ने सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी और कहा कि मेहनत का कोई तोड़ नहीं है। एक अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए लगन और मेहनत सबसे जरूरी है। पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेट कोच प्रकाश जोशी ने कहा कि हरिद्वार जिले में अपार संभावनाएं हैं। नवनिर्मित स्टेडियम में बच्चों की एंट्री फ्री हो तो कोच वहां बेहतरीन तरीके से बच्चों को प्रशिक्षित कर पाएंगे।

समाजसेवी जगदीश लाल पाहवा ने सभी को शुभकामनाएं दी। डा. विशाल गर्ग ने खिलाड़ियों से आवाहन किया कि सफलता प्राप्त करने के लिए अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर निरंतर फोकस करने बनाए रखें। एसटी इंटर कालेज कनखल के वरिष्ठ शिक्षक गगन वीर सिंह, डिवाइन लाइट स्कूल के प्रबंधक लक्ष्मीकांत सैनी, समाजसेवी और आर्य समाज के प्रमुख लालचंद सैनी, उत्तराखंड के जाने-माने एथलीट्स भारत भूषण, गुरुकुल सुल्तानपुर के मदन मोहन मालवीय संस्थान के संजीव चौहान ने भी अपने विचार रखें। इस अवसर पर लेखक विचारक डा.राधिका नागरथ, सुनील दत्त पांडेय, सुशील कुमार शर्मा, कृष्णानंद जोशी, गंभीर सिंह राणा, मयंक गुप्ता, तुषार गौतम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply