आरोपियों ने देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास की वारदात को भी दिया था अंजाम
हरिद्वार, 27 सितम्बर। फैक्ट्री कर्मचारी से तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार व अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों के तार देहरादून में स्कूटी सवार महिला के अपहरण के मामले से भी जुड़े हुए हैं। दो आरोपी अभी फरार हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
24 सितम्बर को फैक्ट्री कर्मचारी आन्नेकी हेत्तमपुर निवासी पंकज कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर दोपहर के समय रो नदी के पास चार युवकों द्वारा बाइक, पर्स और मोबाइल लूट लिए जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व सामने आयी अन्य जानकारी के आधार पर लगातार प्रयास करते हुए घटना में शामिल दीपक पुत्र दिलीप कुमार निवासी ग्राम खागा थाना खागा जिला फतेहपुर सिकरी उत्तर प्रदेश हाल निवासी विष्णु लोक कालोनी रानीपुर व आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल निवासी ग्राम नगर थाना पौड़ी जनपद पौड़ी गढ़वाल हाल निवासी विष्णु लोक कालोनी को नवोदय स्कूल के सामने लगने वाले पीठ बाजार के मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दीपक ने बताया कि 23 सितम्बर को थाना रायपुर देहरादून में एक महिला के अपहरण का प्रयास करने के मामले में गिरफ्तारी के डर से छुपाते छुपाते वह और उसके साथी कार से हरिद्वार आ गए थे। 24 सितम्बर को एक साथी अपने घर चला गया। उस दिन उसन व अन्य तीन युवकों ने पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास शराब पी। इसके बाद पैसों की कमी के चलते उन्होंने नदी के किनारे कार खड़ी करके कच्चे रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार व्यक्ति को रोककर तमंचे के बल पर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन व पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
आरोपियों ने बताया कि उनके अन्य साथी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बेचने गए हैं, जो अब तक वापस नहीं लौटे। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, एसएसआई प्रवीण बिष्ट, एसआई इंद्रजीत सिंह राणा, एसआई अनिल बिष्ट, हेडकांस्टेबल संजय व कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।


