तनवीर
हरिद्वार, 22 अगस्त। शहर व्यापार मंडल ज्वालापुर के अध्यक्ष विपिन गुप्ता और महामंत्री विक्की तनेजा ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित से भेंट कर सराय बाईपास रोड और मंडी स्थल की ओर जाने वाली सड़क के निर्माण की मांग की है। अध्यक्ष विपिन गुप्ता और महामंत्री विक्की तनेजा ने बताया कि काफी समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है।
सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के कारण जलभराव हो जाता है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर 24 घंटे लोगों की आवाजाही रहती है। लगभग 80 गांव इसी मार्ग से जुड़े हुए हैं और यह हरिद्वार का भी प्रमुख संपर्क मार्ग है। सडक की समस्या को लेकर सैकड़ों बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। विपिन गुप्ता ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
जलभराव और गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक सबसे ज्यादा परेशान हैं। व्यापारियों ने जिलाधिकारी को इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा और शीघ्र सड़क की मरम्मत व निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की, ताकि आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।


