तनवीर
विवेकपूर्ण मतदान ही सशक्त राष्ट्र की प्रथम सीढ़ी-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 25 जनवरी। एसएमजेएन कालेज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, निर्वाचन साक्षरता क्लब, स्वीप तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं कालेज प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष श्रीमहन्त रविन्द्रपुरी ने कहा कि राष्ट्र के संविधान ने सभी को मतदान का अधिकार दिया है। परन्तु समाज में जागरूकता की कमी है। उन्होंने अपील की कि विवेकपूर्ण मतदान ही एक मजबूत एवं स्थायी सरकार चुन सकता है, जो सशक्त राष्ट्र का मार्ग प्रशस्त करती है।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं ए.ई.आर.ओ. प्रोफेसर सुनील कुमार बत्रा ने छात्र-छात्राओं, स्टाफ तथा उपस्थित बी.एल.ओ. को लोकतांत्रिक निष्ठा एवं निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई। प्रो.बत्रा ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का उत्तरदायित्व शिक्षण संस्थाओं पर है और युवा पीढ़ी को एक-एक वोट के मूल्य को समझना चाहिए, क्योंकि मतदाता ही समस्त निर्वाचनों की धुरी होता है। कार्यक्रम को रोचक बनाने हेतु सेल्फी पॉइंट भी स्थापित किया गया।
इस अवसर पर मेरा भारत मेरा वोट विषय पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणामों की घोषणा भी की गई। पोस्टर प्रतियोगिता में बीएससी. की प्रेरणा एवं अन्नू ने प्रथम, बी.ए. की प्रिया रघुवंशी ने द्वितीय तथा बी.एससी. की कशिश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि बीए की तानिया को सांत्वना पुरस्कार मिला। निबन्ध प्रतियोगिता में बी.एससी. की मयूरी प्रथम, ज्योति सक्सेना द्वितीय तथा बी.ए.की निक्की तृतीय स्थान पर रहीं। स्लोगन प्रतियोगिता में बी.एससी. की स्नेहा सिंघल ने प्रथम, बी.कॉम. के नितिन कुमार ने द्वितीय तथा एम.ए.की निधि कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि प्रेरणा एवं अन्नू को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
प्रतियोगिता में डा.मोना शर्मा, अंजलि शर्मा तथा दीपिका आनंद ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्रीमहंत रविन्द्रपुरी ने क्षेत्र के बी.एल.ओ. एवं पर्यवेक्षकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर डा.मनमोहन गुप्ता, प्रो.जे.सी. आर्य, डा.शिवकुमार चौहान, डा.पद्मावती तनेजा, डा.सरोज शर्मा, डा.लता शर्मा, डा.आशा शर्मा, डा.विजय शर्मा, डा.मीनाक्षी शर्मा, डा.पूर्णिमा सुंदरियाल, डा.पल्लवी, विनीत सक्सेना, वैभव बत्रा, पंकज भट्ट एवं मोहनचंद्र पांडेय सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


