तनवीर
हरिद्वार, 26 मार्च। जगजीतपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों के आने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात जगजीतपुर क्षेत्र की बालाजी एनक्लेव कालोनी में एक विशालकाय जंगली हाथी पहुंच गया। हाथी देर रात तक कालोनी की गलियों में चहलकदमी करता रहा। घरों के आसपास विशालकाय हाथी को घूमते देख लोग भयभीत हो गए और घरों में कैद हो गए। इस दौरान किसी ने हाथी का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथी मदमस्त होकर आराम से गली से गुजरता दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि बीते कई दिनों से जगजीतपुर क्षेत्र की कालोनियों में जंगली हाथी आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जगजीतपुर क्षेत्र में आए दिन जंगली हाथियों के झुंड रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं, जिससे खतरा बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


