विडियो:-सत्याग्रह करने पहुंचे कांग्रेसियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 26 मार्च। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में भेल स्थित गांधी उद्यान में सत्याग्रह करने पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सत्याग्रह करने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। लेकिन पुलिस ने कार्यक्रम की पूर्व अनुमति नहीं होने और धारा 144 का हवाला देते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए करीब दौ सौ कार्यकर्ताओं को पुलिस लाईन रोशनाबाद ले जाया गया। जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।

राहुल गांधी को संसद की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में कांग्रेस ने रविवार को देश भर में गांधी प्रतिमाओं के समक्ष सत्याग्रह करने का ऐलान किया था।

रविवार को ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर, कलियर विधायक फुरकान अली, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाति, महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, राजबीर सिंह चौहान, महेश प्रताप राणा, मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी, पूर्व राज्यमंत्री किरणपाल बाल्मिीकि, बीएस तेजियान, कैलाश प्रधान, अनिल भास्कर, हाजी नईम कुरैशी, पार्षद सुहेल अख्तर, हिमांशु बहुगुणा, नितिन यादव युदवंशी, अशोक उपाध्याय, किरण सिंह, बाघम्बरी शर्मा, एडवोकेट फुरकान अली, गुलबहार खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भेल सेक्टर वन स्थित गांधी उद्यान में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह करने के लिए पहुंचे। लेकिन वहां पहले से ही तैनात पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं को अंदर प्रवेश करने से रोक दिया।

रोके जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। विधायक रवि बहादुर, महानगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, राजीव चौधरी, राजबीर सिंह चौहान, महेश प्रताप राणा, हाजी नईम कुरैशी आदि ने कहा कि सरकार विपक्षी दलों का उत्पीड़न कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्वक सत्याग्रह करने से भी रोका जा रहा है। इससे सरकार की हताशा साफ दिखाई दे रही है।

सरकार की नीतियों का जनता अगले लोकसभा चुनाव में जवाब देगी। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं के चलते धारा 144 लागू है। प्रदर्शन के लिए कोई पूर्व अनुमति भी नहीं ली गयी थी। कानून के अनुसार कार्रवाई की गयी है।


कार्यकर्ताओं के साथ सत्याग्रह में शामिल होने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत व उनकी पुत्र वधू अनुकृति गुंसाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों को थाना बहादराबाद ले जाया गया। बाद में दोनों को छोड़ दिया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री डा.हरक सिंह रावत ने कहा कि देश मे लोकतंत्र खत्म हो गया है। विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। देश में तानाशाही और अघोषित आपातकाल की स्थिति बन गई है। सोची समझी साजिश के तहत राहुल गांधी की सदस्यता रद्द की गई है। यह लोकतंत्र की हत्या है। राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों से केंद्र सरकार और भाजपा घबरा गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *