गौरव रसिक
हरिद्वार, 14 अगस्त। नीरज चौधरी को भारतीय किसान यूनियन अंबावता का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर राष्ट्रीय वीर गुर्जर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी लाखन सिंह ने बधाई देते हुए कहा कि नीरज चौधरी किसानों के हितों में अपना योगदान देंगे। किसानों की मांगों को देश में लागू कराने में हरसंभव प्रयास करेंगे। चौधरी लाखन सिह ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। केंद्र एवं राज्य सरकारों को किसानों के हितों में फैसले लेने चाहिए।
देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में किसानों की निर्णायक भूमिका है। उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली में किसान लंबे समय से आंदोलन कर रहे है। मोदी सरकार को किसानों की मांगों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए किसानों की मांगों को पूरा करना चाहिए। देश का किसान आर्थिक रूप से कमजोर हो रहा है। सीमित संसाधनों में भी किसान फसलें पैदा कर देश के नागरिकों को अन्न उपलब्ध कराता है।
किसानों की आय, गन्ना मूल्य, चीनी मिलों पर बकाया आदि को लेकर भी केंद्र एवं राज्य सरकारों को ठोस कदम उठाना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव नीरज चौधरी से भी अपील करते हुए कहा कि किसानों के हितों में काम करें। किसानों की समस्याओं का निदान अवश्य होना चाहिए।