तनवीर
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद ने किया महर्षि दयानंद के विचारों को अपनाने का आह्वान
हरिद्वार, 26 अक्तूबर। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद के नेतृव में वेद मंदिर आश्रम में संपन्न हुई आर्य समाज की बैठक में 23 नवम्बर को हरिद्वार में आयोजित की जा रही आर्य राष्ट्र निर्माण यात्रा की रुपरेखा तैयार की गई। यात्रा स्वामी दर्शनानंद महाविद्यालय ज्वालापुर से शुरू होकर सिंहद्वार, आर्यनगर चौक, वानप्रस्थ आश्रम, वैदिक मोहन आश्रम खड़खड़ी में संपन्न होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद ने कहा कि परिवारों के विघटन और समाज में फैल रही कुरीतियों को दूर करने के लिए आर्य समाज के प्रवर्तक महर्षि दयानंद के सिद्धांतों को अपनाने की जरूरत है। बढ़ती नशावृत्ति के कारण बढ़ रहे अपराधों एवं विकृत्तियों से मुक्ति के लिए उन्होंने युवा पीढ़ी से वेद पढ़ने और एक देश एक अभिवादन का आह्वान भी किया।
आर्य समाज के जिला प्रधान यशपाल आर्य ने बताया कि आर्य राष्ट्र निर्माण यात्रा के माध्यम से शिक्षा, चिकित्सा एवं निःशुल्क न्याय की मांग के साथ चरित्र निर्माण, बेरोजगारी दूर करने आदि मांगों को लेकर संदेश दिया जाएगा। उन्होंने आर्य राष्ट्र निर्माण यात्रा को सफल बनाने के लिए आह्वान किया।
बैठक में पूर्व प्रधान हाकम सिंह, मानपाल सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष ब्रह्मपाल आर्य, दिनेश कुमार आर्य, इंद्रराज सिंह, भोपाल गिरी, जिला पुरोहित बलवंत सिंह आर्य, डा.रामपाल चौधरी, राजसिंह, ज्ञान सिंह, नितिन आर्य, रामपाल आर्य, मास्टर यशवीर सिंह, जयपाल सिंह, वीरेंद्र आर्य आदि मौजूद रहे।


