हरिद्वार, – भोजपुरी समाज कल्याण समिति द्वारा बसंत पंचमी पर्व के अवसर पर ज्ञान की देवी, माँ सरस्वती की पूजा का आयोजन रामलीला मैदान, सेक्टर-3, भेल, रानीपुर, हरिद्वार में किया गया। घनघोर वर्षा और तेज आंधी तूफान के बावजूद श्रद्धालुओं ने बड़े ही भक्ति भाव के साथ पूजा सम्पन्न की। समिति के अध्यक्ष बी. के. राय, पूर्व महाप्रबन्धक, भेल, हरिद्वार द्वारा मुख्य अतिथि रंजन कुमार जी, कार्यपालक निदेशक, हीप एवं सी.एफ.एफ.पी., भेल, एवं विशिष्ट अतिथिगण का स्वागत किया गया।
माँ सरस्वती के साथ गणेश, लक्ष्मी और पुस्तक लेखनी की पूजा की गई, साथ ही मंत्र दीक्षा और नवजात शिशुओं का विद्या आरम्भ भी किया गया। समिति के संरक्षक रामयश सिंह ने कहा कि माँ सरस्वती ज्ञान, बुद्धि, कला और विवेक की देवी हैं। उनका श्वेत वस्त्र और वीणा हमें पवित्रता, अनुशासन और सृजनशीलता का संदेश देता है। आयोजन का संचालन समिति के संयोजक विकास सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम में भेल के महाप्रबन्धक, महाप्रबंधक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी, हरिद्वार शहर के गणमान्य नागरिक और सैकड़ों भक्तजन उपस्थित रहे।


