तनवीर
पढ़े लिखे हैं आरोपी, सिडकुल की कंपनी में करते हैं नौकरी
हरिद्वार, 1 फरवरी। थाना सिडकुल पुलिस ने मोबाइल झपट्टमार गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मूल रूप से यूपी के बिजनौर के रहने वाले तीनो आरोपी पढ़े लिखे हैं और सिडकुल की कंपनी में नौकरी करते हैं। आरोपी राह चलते लोगों का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो जाते थे। आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल बरामद हुए हैं। सिडकुल थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोबाइल झपटने की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस को खुलासे के निर्देश दिए थे।
एसएसपी के निर्देशानुसार पुलिस टीम ने शनिवार को चेकिंग के दौरान 3 शातिर मोबाइल स्नैचरों दीपक पुत्र रामचन्द्र निवासी राजा बिस्कुट चौक सिडकुल मूल निवासी ग्राम घंघेडी थाना किरतपुर जनपद बिजनौर उ.प्र., अभिनव पुत्र हुकम सिंह निवासी महादेवपुरम कालोनी सिडकुल मूल निवासी ग्राम इब्राहिमपुर थाना धामपुर जनपद बिजनौर यूपी व दीपू कुमार पुत्र बिश्मबर निवासी महादेवपुरम सिडकुल मूल निवासी ग्राम हरिपुर गोकल थाना अफजलगढ़ जनपद बिजनौर उ.प्र. को दबोच लिया और उनके कब्जे से चोरी और छीने गए 6 मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइल में से 3 के संबंध में थाना सिडकुल में केस दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी दसवीं से लेकर स्नातक तक शिक्षित हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, अपर उपनिरीक्षक अनिल कुमार व संजय चौहान, हेडकांस्टेबल संजय सिंह व देशराज, कांस्टेबल कुलदीप, प्रमोद गोस्वामी, प्रदीप व गजेन्द्र शामिल रहे।


