तनवीर
सीसी सड़क बनने से वार्ड के लोगों को मिलेगी सुविधा-अहसान अंसारी
हरिद्वार, 4 फरवरी। वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को वार्ड की आनन्द विहार कालोनी में सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। स्थानीय लोगों के साथ फीता काटकर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए वार्ड पार्षद अहसान अंसारी ने बताया कि सीसी सड़क निर्माण से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
आनन्द विहार कॉलोनी में पूर्व में कच्ची और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई सीसी सड़क के निर्माण से न केवल सड़क की मजबूती बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र की साफ-सफाई और सुंदरता में भी सुधार होगा। पार्षद अहसान अंसारी ने निर्माण कार्य को तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का आश्वासन दिया।
स्थानीय निवासियों ने वार्ड पार्षद अहसान अंसारी का आभार जताया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार वार्ड के अन्य क्षेत्रों में विकास कार्य निरंतर होते रहेंगे। इस अवसर पर रिटायर्ड दरोगा अर्जुन लाल, सतीश, जाफिर अंसारी, दानिश अंसारी, अखिल कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।


