हार्ट के लिए पांच सुपरफूड्स: अपने हृदय को रखें मजबूत- रितिका समद्दर
देहरादून। बदलती जीवनशैली, तनाव और प्रोसेस्ड फूड्स के बढ़ते सेवन के कारण हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में स्वस्थ दिल के लिए सही खानपान अपनाना बेहद जरूरी हो गया है। मैक्स हेल्थकेयर की रीजनल हेड – डायटेटिक्स रितिका समद्दर ने ऐसे 5 सुपरफूड्स बताए हैं, जो हृदय को स्वस्थ रखने और कोलेस्ट्रॉल व ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मददगार साबित हो सकते हैं।
- कैलिफोर्निया बादाम
रोजाना एक मुट्ठी बादाम खाने से शरीर को विटामिन ई, मैग्नीशियम, प्रोटीन और जिंक जैसे जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। बादाम खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) को कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) को बढ़ाने में मदद करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह हृदय में सूजन को भी कम करता है। - फैटी फिश
सैल्मन, टूना, सार्डिन और मैकेरल जैसी मछलियों में ओमेगा-3 फैटी एसिड भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने, धमनियों में प्लाक जमने से रोकने और दिल की धड़कनों को संतुलित रखने में मदद करता है। - हरी पत्तेदार सब्जियाँ
पालक, ब्रोकली और केल जैसी हरी सब्जियाँ विटामिन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत हैं। इनमें मौजूद नाइट्रेट्स और फोलेट रक्त संचार को बेहतर बनाकर हृदय की कार्यक्षमता मजबूत करते हैं। - दालें और फलियाँ
चना, बीन्स, मसूर दाल और मटर जैसे खाद्य पदार्थ पौधों से मिलने वाले प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होते हैं। ये खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने, ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने और वजन संतुलित बनाए रखने में मदद करते हैं। - ताजे फल
सेब, संतरा, केला, अनार और बेरीज़ जैसे फल हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित रखते हैं और ब्लड प्रेशर नियंत्रित करने में मदद करते हैं।
स्वस्थ दिल के लिए छोटी आदतें जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि प्रोसेस्ड फूड्स की जगह पोषक तत्वों से भरपूर आहार अपनाने से हृदय रोगों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। रोजमर्रा की डाइट में इन सुपरफूड्स को शामिल करना लंबे समय तक दिल को स्वस्थ और शरीर को सक्रिय बनाए रखने का आसान तरीका है।


