काठा पीर मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की मांग की

Haridwar News
Spread the love

तनवीर
हरिद्वार, 20 मई। ऐतिहासिक और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक शाह मोहम्मद शाह काठा पीर मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को ग्राम पंचायत धनपुरा एवं आसपास के ग्रामीणों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने लक्सर एसडीएम, थाना पथरी प्रभारी तथा जिला अधिकारी हरिद्वार से मुलाकात कर मेले की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की मांग की। ज्ञापन में मांग की गयी है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, जायरीन तथा दूर-दराज से आने वाले छोटे-बड़े दुकानदारों को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए।

मेले का संचालन पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत कराया जाए ताकि मेले की ऐतिहासिक पहचान और गरिमा बनी रहे। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व वर्षों में कुछ ठेकेदारों द्वारा दुकानदारों से जबरन तहबाजारी वसूली के लिए बाहरी लोगों और असामाजिक तत्वों का सहारा लिया जाता था, जिससे छोटे व्यापारियों को डर और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ता था। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट कहा कि इस बार मेले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, डराने-धमकाने या अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसके साथ ही मेले में महिलाओं, बच्चों और परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई, ताकि किसी भी प्रकार की हुल्लड़बाजी, छेड़खानी या असामाजिक गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि मेले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले, अवैध वसूली करने वाले या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मेले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की जनता मेले को भाईचारे और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूरा सहयोग करेगी। ज्ञापन सौंपने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता मौ.सलीम, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुस्तफा अंसारी, गब्बर सिंह पवार, उपप्रधान सलीम अहमद, सोनू चौहान, आनंद चौहान, परवेज अहमद, मौ.जब्बार सहित अन्य ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply