जनपद के राजकीय आईटीआई का 5वां दीक्षांत समारोह संपन्न

Haridwar News
Spread the love


8 आईटीआई के 289 प्रशिक्षार्थियों को प्रदान किए प्रमाण-पत्र, टॉप 3 छात्रों को कौशल पट्टा, मेडल व उत्तराखंड कैप से नवाजा
हरिद्वार, 21 नवम्बर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जगजीतपुर में शनिवार को जनपद के सभी राजकीय आईटीआई का 5वां संयुक्त दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनपद के 8 राजकीय आईटीआई जगजीतपुर हरिद्वार, लक्सर, खानपुर, नारसन, पिरान कलियर, डेलना, सिकरोड़ा एवं विशिष्ट आईटीआई के वर्ष 2026 में उत्तीर्ण हुए कुल 289 प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, किर्बी बिल्डिंग सिस्टम के एचआर हेड विशिष्ट अतिथि धीरेन्द्र चौहान रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय आईटीआई जगजीतपुर के नोडल प्रधानाचार्य अमित कुमार कल्याण ने की। इस अवसर पर राजकीय आईटीआई डेलना एवं पिरान कलियर के प्रधानाचार्य भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन सुश्री गोष्ठी बालियान एवं महेन्द्र शर्मा ने किया।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विपिन शर्मा ने कहा कि हुनर ही सबसे बड़ी पूंजी है। आईटीआई के प्रशिक्षार्थी देश के विकास की रीढ़ हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और अनुशासन के साथ आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि धीरेन्द्र चौहान ने विद्यार्थियों को उद्योगों की मांग, अनुशासन और व्यावहारिक कौशल के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उद्योगों को आज कुशल और अनुशासित युवाओं की सबसे अधिक आवश्यकता है। नोडल प्रधानाचार्य अमित कुमार कल्याण ने संस्थान में विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे विकास कार्यों, सुविधाओं और भविष्य के लिए जॉब रेडिनेस पर विशेष फोकस करते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल प्रमाण-पत्र देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों के लिए पूर्ण रूप से तैयार करना है।

कार्यक्रम में आईटीआई के 3 पूर्व छात्रों ने अपने जीवन के वास्तविक अनुभव विद्यार्थियों से साझा किए। सैंडविक बैंगलोर में 2020 बैच के छात्र जो वर्तमान में 90,000 रुपये मासिक वेतन प्राप्त कर रहे हैं, बीआईएस नई दिल्ली में कार्यरत पूर्व छात्र जो 60,000 रुपये मासिक वेतन प्राप्त कर रहे हैं, तथा स्वरोजगार कर रहे अनूप शर्मा जो स्वरोजगार से प्रति माह 1 लाख रुपये से अधिक का लाभ प्राप्त कर रहे हैं के अनुभवों को सुनकर प्रशिक्षार्थियों का मनोबल बढ़ा।

समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षार्थियों को कौशल पट्टा, गोल्ड, सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल तथा उत्तराखंड कैप से नवाजा गया। कार्यक्रम में संस्थान के फोरमैन यशपाल सिंह, अमरीश कुमार, अमिता नेगी, उस्मान अली एवं अनुदेशक मुनेश सैनी, सूरज सिंह, आरती, काजल, आशीष, संगीता बेलवाल, दिनेश, रितेश, राजेश, देवेन्द्र सिंह, दीपाली, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी योगेश तयाल व विपिन सैनी, कनिष्ठ लिपिक आदि कार्मिक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply