योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई महेंद्र बिष्ट ने दी मुखाग्नि
मुख्यमंत्री धामी सहित, यूपी और उत्तराखंड के तमाम मंत्री, संत समाज और अधिकारी मौजूद रहे
हरिद्वार, 21 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का अंतिम संस्कार नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूर्ण विधि विधान से किया गया। स्वर्गीय सावित्री देवी के छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नमामि गंगे घाट पहुंचकर स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों से भेंट कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उन्होंने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर है। श्रीमती सावित्री देवी का निधन उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बृजेश सिंह, के.पी. मलिक, दयाशंकर मिश्र दयालु, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, गुलाब देवी, धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह, बलदेव सिंह औलख, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्रसिंह रावत, गोरखपुर सांसद रवि किशन, सुरेंद्र दिलेर, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, डा.धनसिंह रावत, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमेश पोखरियाल निशंक तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, योग गुरू स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी, स्वामी चिदानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, आचार्य प्रमोद कृष्णम, श्रीमहंत रूपेंद्र प्रकाश, बाबा हठयोगी, स्वामी दर्शन भारती, महंत संजय महाराज, महंत ऋषिश्वरानंद, स्वामी कल्याण देव महाराज सहित अनेक संतों महंतों, उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी ए.पी.अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्रीमती सावित्री देवी के अंतिम दर्शन कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।




