खतरे का सबब बनी जमीन से 6 फीट की ऊंचाई पर लटक रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाईन

Haridwar News
Spread the love


ग्रामीणों ने की लाईन को ऊंचाई पर व्यवस्थित करने की मांग
हरिद्वार, 20 जून। हरिद्वार-लक्सर मुख्य मार्ग पर ग्राम धनपुरा और पदार्थ के बीच स्थित एक पेट्रोल पंप के पास बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां एक किसान के खेत से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन जमीन से महज करीब 6 फुट की ऊंचाई पर लटक रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। चिंता की बात यह है कि यह स्थान मुख्य सड़क के बिल्कुल नजदीक है और नीचे झुके हुए तार दूर से साफ दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय किसानों का कहना है कि क्षेत्र में खेती-बाड़ी का काम लगातार चलता रहता है और कई बार हाथियों की आवाजाही भी होती है। ऐसी स्थिति में इंसानों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है। बताया जा रहा है कि 19 जून को मौके से गुजर रहे लोगों ने यह खतरनाक स्थिति देखी और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से बिजली विभाग के अधिकारियों तक मामला पहुंचाने का प्रयास किया। इसके बावजूद देर तक कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का इस तरह नीचे लटकना सीधे तौर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है। सवाल यह है कि इतने संवेदनशील और व्यस्त मार्ग के पास मौजूद इस खतरे पर अब तक संबंधित अधिकारियों की नजर क्यों नहीं पड़ी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कराया जाए और हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि से बचा जा सके। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह लापरवाही किसी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Leave a Reply