नगर निगम ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र से हटाए 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 14 जुलाई। कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने मंगलवार को रोडी बेलवाला क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ एवं विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान नगर निगम टीम के साथ जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। साथ ही पूरे क्षेत्र में बड़े स्तर पर सफाई अभियान भी चलाया गया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा किया जा रहा है। कांवड़ मेले को सुव्यवस्थित और सुरक्षित रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से रोडीबेलवाला क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा।

इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी और प्रमुख मार्गों, घाटों तथा मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा उठान और सैनिटेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरिगिरि, सेनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल कुमार, रोडीबेलवाला चौकी प्रभारी संदीप वर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply