संतों ने की अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज से भेंटवार्ता

Haridwar News
Spread the love


सभी अखाड़े मिलकर कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप में संपन्न कराएंगे-श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 27 नवम्बर। अगले वर्ष जनवरी से शुरू हो रहे कुंभ मेले को लेकर अखाड़ों और संत समाज में विचार विमर्श का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद गिरी, स्वामी हरिवल्लभदास शास्त्री, महामंडलेश्वर स्वामी आनंद स्वरूप दास, महामंडलेश्वर स्वामी रामनुज सरस्वती, महंत प्रज्ञान मुनि सहित कई संतों ने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज से भेंटकर कुंभ मेले पर चर्चा की।

भेंटवार्ता के लिए निरंजनी अखाड़े पहुंचे सभी संतों का अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि कुंभ मेला सनातन धर्म का सबसे बड़ा पर्व है। देश में चार स्थानों पर लगने वाले कुंभ मेले में लाखों संत और श्रद्धालु सम्मिलित होते हैं। जिससे सामाजिक एकता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि सभी अखाड़े मिलकर हरिद्वार कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप में संपन्न कराने के लिए संकल्पित हैं।

उन्होंने कहा कि अखाड़ों और संत समाज में कोई छोटा बड़ा नहीं है। कुंभ मेले में शिविर लगाने के लिए सभी अखाड़ों और संतों को पर्याप्त भूमि उपलब्ध करायी जाएगी। इसके लिए वे शीघ्र ही मेला प्रशासन से वार्ता करेंगे। सभी अखाड़ों और संत समाज के सहयोग से हरिद्वार कुंभ मेला पूर्ण भव्यता के साथ संपन्न होगा।

महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद गिरी व स्वामी हरिवल्लभदास शास्त्री ने कहा कि अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज समन्वयवादी संत हैं। उनके नेतृत्व में कुंभ मेले को भव्यता के साथ संपन्न कराने के लिए संत समाज पूरा सहयोग करेगा। इस दौरान निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत राज गिरी, महंत सतीश वन, महंत मधुर वन सहित कई संत महंत मौजूद रहे।

Leave a Reply