सबसे बड़ा दान और पुनीत कार्य है रक्तदान-श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 20 सितम्बर। देशरक्षक तिराहा स्थित आर्यवृत हॉस्पिटल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। आर्यवृत ब्लड सेंटर द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने किया। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्द्धन करते हुए अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान और पुनीत कार्य है।
आपके द्वारा स्वेच्छा से दिए रक्त से किसी अनजान के जीवन की रक्षा होती है। उन्होेंने कहा कि सभी को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतिश्वरानंद, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, मेयर किरण जैसल ने भी रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और सभी को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। सीएमओ डा.आरके सिंह ने कहा कि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। बल्कि नए रक्त का संचार होने से शरीर स्वस्थ होता है। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों से रक्तदान के प्रति प्रचलित भ्रांतियां दूर हुई हैं और बड़ी संख्या में लोग स्वैच्छिक रूप से रक्तदान कर रहे हैं।
डा.अजय मगन ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सा सेवाओं के साथ ब्लड सेंटर की सुविधा होने से मरीजों के तीमारदारों को रक्त के लिए भागदौड़ करने से राहत मिलेगी। अस्पताल संचालक डा.अखिलेश ने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज सहित सभी अतिथीयों का स्वागत किया। इस दौरान डा.विशाल गर्ग, डा.अतुल मगन, अमित वालिया सहित कई लोग मौजूद रहे।


