हरिद्वार, 5 नवम्बर। कुंभ मेला शुरू होने में दो महीने का समय शेष रह गया है। ऐसे में विभिन्न स्तरों पर तेजी से तैयारी चल रही है। जिसमें कुंभ नगरी के धार्मिक स्वरूप के अनुरूप सौंदर्यकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हरिद्वार रूड़की विकास प्राधिकरण की और से कराए जा रहे सौंदर्यकरण के तहत दीवारों और फ्लाईओवर को कुंभ थीम पर धार्मिक चित्रों से सजाया जा रहा है। पंचपुरी के सभी क्षेत्रों में धार्मिक चित्रकारी के साथ तमाम भवनों की बाहरी दीवारों, दीवानों को एक ही रंग में रंगा जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि कार्य पूरा होने के बाद शहर अत्यंत सुंदर नजर आएगा। कुंभ पर आधारित धार्मिक चित्रकारी बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराएगी। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बताया कि कुंभ नगरी की साज सज्जा में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। सौंदर्यकरण के कार्य से शहर की अनोखी छटा देखने को मिलेगी।




