हरिद्वार, 7अक्तूबर:-जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर परिवहन विभाग ने बिना आरटीओ पंजीकरण और बिना लाइसेंस के नाम पर बेची जा रही इलेक्ट्रिक स्कूटियों की जांच हेतु सघन अभियान चलाया। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा और एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर दो इलेक्ट्रिक स्कूटियों को तकनीकी निरीक्षण के लिए जब्त कर विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि केवल इलेक्ट्रिक होने या विक्रेता के दावे से पंजीकरण में छूट नहीं मिलती है, इसके लिए निर्धारित गति और मोटर पावर के मानक पूरे होने चाहिए। अनधिकृत बदलाव या अधिक गति वाली स्कूटियों को नाबालिगों द्वारा चलाने से सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा होता है।




