हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन ने किया जिला प्रोत्साहन मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 30 अक्टूबर। हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आठवीं हरिद्वार जिला प्रोत्साहन मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन राधे-राधे बॉक्सिंग अकादमी, इमली खेड़ा में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्रों के 82 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपने दमखम, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। मिनी, सब-जूनियर, जूनियर, यूथ एवं एलीट वर्ग में आयोजित की गयी प्रतियोगिता में राधे-राधे बॉक्सिंग अकादमी ओवरऑल विजेता रही। एसोसिएशन की संरक्षक एवं बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी, किसान आयोग के उपाध्यक्ष अजीत चौधरी, भाजपा नेता अमन त्यागी, एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष विपिन चौधरी, संयुक्त सचिव राकेश चौधरी, सचिव नवीन चौहान ने खिलाड़ियों को पुरस्कार, प्रमाण पत्र, टीशर्ट एवं ट्रैक सूट वितरित कर उत्साहवर्धन किया। एसोसिएशन की संरक्षक सुनीता चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में मुक्केबाजी जैसे खेलों को बढ़ावा देना बेहद आवश्यक है।

विशेष रूप से बालिकाओं की खेलों में भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग शारीरिक क्षमता के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बालिकाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास होने चाहिए। एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने कहा कि मुक्केबाजी शारीरिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण खेल है।

हरिद्वार के अनेक खिलाड़ियों ने उत्तराखंड एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निरंतर बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिले। एसोसिएशन के सचिव नवीन चौहान ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जिले के मुक्केबाजों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना तथा उन्हें आगामी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि 10 से 15 वर्ष तक के खिलाड़ियों को उत्तराखंड सरकार एवं भारत सरकार की विभिन्न खेल एवं प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि संसाधनों की कमी किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी की राह में बाधा न बने। आयोजन सचिव जयप्रकाश सैनी ने बताया कि राधे-राधे मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्र इमली खेड़ा ने स्थापना के मात्र पांच महीने में ही अकादमी के खिलाड़ी स्कूली प्रतियोगिताओं और अन्य खेल आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न पदक अर्जित कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अकादमी के खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर हरिद्वार का गौरव बढ़ाएंगे।

प्रतियोगिता के दौरान जिले के मुक्केबाजी प्रशिक्षक किशन सिंह महर, आदित्य प्रताप सैनी, दुष्यंत चौधरी, संगीत जोशी एवं अनिकेत को मुक्केबाजी के प्रचार-प्रसार, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने तथा खेल प्रतिभाओं को निखारने में उनके योगदान के लिए एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर एसोसिएशन के संरक्षक अनिल पाल, अशोक अग्रवाल सहित अन्य सदस्य एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply