हरिद्वार, 2 नवम्बर। हार्ट अटैक आने पर सड़क किनारे बेसुध पड़े व्यक्ति को समाजसेविका विनीता गोनियाल ने समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाकर सराहनीय कार्य किया है। हरिद्वार देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीआईपी घाट के पास एक व्यक्ति सड़क किनारे बेसुध हालत में पड़ा था। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे और हालत गंभीर थी। इस दौरान सैकड़ों वाहन वहां से गुजर गए, लेकिन किसी ने रुककर उसकी सुध नहीं ली।
ऐसे में उत्तरी हरिद्वार निवासी समाजसेविका विनीता गोनियाल ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए न केवल वापस लौटने का फैसला किया, बल्कि 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना देकर व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। अस्पताल जाकर पता चला कि शख्स को हार्ट अटैक आया था। घटना सुबह करीब नौ बजे की है, जब वीआईपी घाट के पास उनकी नजर सड़क किनारे पड़े व्यक्ति पर पड़ी। भीमगोडा तिराहे से वाहन घुमाकर चंडीघाट के रास्ते वह दोबारा मौके पर पहुंचीं। वहां पहुंचते ही उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर सूचना दी।
कुछ देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने व्यक्ति का प्राथमिक परीक्षण किया। एंबुलेंस कर्मियों ने विनीता को बताया कि व्यक्ति को हार्ट अटैक आया है। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे देहरादून के दून अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल व्यक्ति वहीं भर्ती है।




