हरिद्वार, 2 नवम्बर। त्यौहारों के मद्देनजर सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी एवं सीओ ज्वालापुर संजय चौहान ने पुलिस बल के साथ ज्वालापुर के बाजारों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करने एवं पटाखा दुकानों को प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर ही लगाने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा एवं यातायात को सुगम बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा ज्वालापुर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। निरीक्षण के दौरान ज्वालापुर कोतवाली के एसएसआई व रेल चौकी प्रभारी भी पुलिस बल के साथ शामिल रहे।
नगर मजिस्ट्रेट ने पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए बताया कि नियमों का उल्लंघन कर अतिक्रमण करने अथवा निर्धारित स्थान के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर पटाखों की दुकान लगाने वाले व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




