हरिद्वार, 16 नवम्बर। अवैध हथियारों की तस्करी करने आए गिरोह के चौथे सदस्य को भी पुलिस ने गिरफतार कर लिया है। देर रात्रि बढेड़ी फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी की तलाशी में उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकारवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने कुछ बदमाशों के क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई के लिए आने की सूचना पर बोंगला तिराहे पर घेराबंदी कर दो बदमाशों भूपेन्द्र पुत्र विजय कुमार निवासी ग्राम मंसूरपुर जोहरा थाना मंसूरपुर जनपद मुजफ्फरनगर व विशाल कुमार पुत्र मंगता निवासी वाल्मीकि मंदिर के पास कस्बा बहादराबाद को मौके पर ही दबोच लिया था।
जबकि भागने का प्रयास कर रहा मुकुल पाल पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम बमौरी थाना सरधना जनपद मेरठ पुलिस से मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया था। जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था। मुकुल पाल के कब्जे से .32 बोर की दो पिस्टल और एक मोबाइल फोन तथा भूपेन्द्र के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा बरामद हुआ। विशाल कुमार की निशानदेही पर बौंगला गांव के पास पीठ बाजार के सामने आम के बाग में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई .32 बोर की दो पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने देर रात चेकिंग के दौरान बडेढ़़ी फ्लाईओवर के नीचे गिरोह के चौथे सदस्य प्रशांत कुमार पुत्र निर्दाेष कुमार निवासी दादूपुर गोविंदपुर कोतवाली रानीपुर हरिद्वार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, एसएसआई नितिन चौहान, एसआई विकास रावत, एसआई हेमदत्त भारद्वाज, एसआई अजय कुमार, हेडकांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल अवनेश राणा, हिमांशु पंत, पंकज बिष्ट, हेडकांस्टेबल सुधाकर, कांस्टेबल विकास थापा, शाह आलम व होमगार्ड अभिषेक चौधरी, सीआईयू टीम रूड़की के प्रभारी एसआई संजय पुनिया, अपर उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, हेडकांस्टेबल मनमोहन भंडारी, कांस्टेबल रविंद्र खत्री, महिपाल तोमर, आशीष शर्मा शामिल रहे।




