सामाजिक कार्यकर्ता मो.सलीम और उनके साथियों ने पेश की इंसानियत की मिसाल

Haridwar News
Spread the love

दिव्यांग को भेंट की ट्राईसाइकिल

हरिद्वार, 19 नवम्बर। समाजसेवा और इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मौ. सलीम और उनके सहयोगी साथियों ने एक गरीब परिवार की बड़ी परेशानी को दूर किया है। गुरुवार को मौ.सलीम ने जूते पॉलिश करके अपने परिवार का पालन पोषण करने वाले दिव्यांग युवक घिस्सूपरा निवासी सूरज पुत्र रमन को बैटरी से चलने वाली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल भेंट की। मो.सलीम ने बताया कि कुछ समय पहले सूरज ने सामाजिक कार्यकर्ता उनसे मुलाकात कर अपनी परेशानी बताई थी।

सूरज बेहद गरीब परिवार से है और पीले राशन कार्ड का धारक है। इसके बावजूद उसे सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था। उसे आज तक सरकारी स्तर पर कोई ट्राईसाइकिल भी नहीं मिली थी। उसकी पुरानी व्हीलचेयर टूट चुकी थी। हालत यह थी कि उसका छोटा बेटा पीछे से धक्का देकर उसे काम पर लेकर जाता था। जब बेटा घर पर नहीं होता था, तो सूरज काम पर भी नहीं जा पाता था। ऐसे में उसके सामने अपने बच्चों का पेट पालना भी मुश्किल हो रहा था और एक-एक दिन भारी पड़ रहा था।

सूरज की इस मजबूरी को देखते हुए उन्होंने कई जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर सूरज की मदद करने की गुहार लगाई, लेकिन हर जगह से केवल आश्वासन ही मिले और कोई ठोस मदद नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ आगे आकर सूरज की मदद करने का फैसला किया। सभी साथियों ने बिना किसी नाम और प्रसिद्धि की चाह के आपसी सहयोग से पैसे इकट्ठा किए और सूरज के लिए इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल खरीदी और गुरुवार को उसे ट्राईसाइकिल की चाबी सौंपकर अपना वादा पूरा किया। मो.सलीम ने बताया कि सूरज के पीले राशन कार्ड को बदलवाकर पात्रता के अनुसार गुलाबी या सफेद राशन कार्ड बनवाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि उसके परिवार को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

मौ.सलीम ने कहा कि जब जिम्मेदार लोगों से केवल आश्वासन मिलते हैं, तो समाज को खुद आगे आकर जरूरतमंदों का सहारा बनना चाहिए। सूरज एक बेहद मेहनतकश और स्वाभिमानी इंसान है, जो जूते पॉलिश करके अपने परिवार को पालता है। अब इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने से उसे अपने काम पर आने जाने के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वह सम्मान के साथ अपनी रोजी रोटी कमा सकेगा। यह काम किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि सभी साथियों के आपसी सहयोग और भाईचारे का नतीजा है। इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल पाकर और राशन कार्ड बनवाने का भरोसा मिलने से सूरज की आंखें खुशी से भर आईं। उसने मौ.सलीम और सभी सहयोगी साथियों का दिल से आभार जताया।

Leave a Reply