राकेश वालिया
हरिद्वार, 2 अप्रैल। मां मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि नवरात्र में नौ दिनों तक मां भगवती की आराधना करने से दैवीय शक्तियों का जागरण होता है। दैवीय शक्तियों की कृपा से आसुरी शक्तियों का विनाश होता है। जिससे सृष्टि में शांति व समृद्धि का वातावरण बनता है। निरंजनी अखाड़ा स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में पीपल के वृक्ष के नीचे नौ दिन तक चलने वाली नवरात्र साधना के समापन पर कंजका पूजन के उपरांत श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि संसार की समस्त शक्तियां तथा वैभव मां भगवती में समाहित हैं। नवरात्र देवी की शक्तियों को जगाने का विशेष अवसर है। ताकि यह संसार देवी की कृपा से सभी संकटों, रोगों, दुश्मनों, प्राकृतिक आपदाओं से बच सके।
शारीरिक तेज में वृद्धि हो। मन निर्मल हो व आत्मिक, दैविक, भौतिक शक्तियों का लाभ मिल सके। प्रत्येक हिन्दू किसी न किसी रूप में देवी की उपासना करता है। उन्होंने कहा कि सभी अपनी-अपनी श्रद्धा, भक्ति अनुसार कर्म करते रहें। उन्होंने कहा कि इस समय पूरा संसार कोरोना वायरस की चपेट में है। कोरोना के रूप में पूरी दुनिया आपदा में घिरी हुई है। भारत भी इस संकट का सामना कर रहा है। देवी भगवती इस आपदा से भारत की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार देश के आम जन को कोरोना वायरस से बचाने के लिए दिन रात प्रयास कर रही है। इसलिए सभी को लाॅकडाउन के नियमों का पालन करते हुए घरों में रहकर सरकार का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि घाटों व सड़कों पर रहने वाले गरीब निसहाय इस समय अत्यधिक संकट में हैं। इसको देखते हुए अखाड़े की ओर से प्रशासन के सहयोग से प्रतिदिन 2 हजार गरीबों को भोजन दिया जा रहा है।
निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी महाराज ने कहा कि सभी संकटों को दूर करने वाली मां भगवती की शक्तियां अपरंपार हैं। आज कोरोना वायरस के रूप में संसार पर जो संकट आया है। देवी भगवती की कृपा से यह संकट शीघ्र दूर होगा। नौ दिनों तक पूरे देश में सभी श्रद्धालुओं ने घरों में मां की आराधना की है। भक्तों की आराधना से प्रसन्न भगवती की कृपा से पूरी मानव जाति पर आया संकट अवश्य ही दूर होगा। भारत सहित पूरी दुनिया के वैज्ञानिक कोरोना के उपचार के लिए दवा विकसित करने में जुटे हैं। भारत को कोरोना से बचाने के लिए सरकार ने सरकार ने पूरे देश में 21 दिनों का लाॅकडाउन किया है। सभी को इसका पालन करना चाहिए। अपर मेलाधिकारी हरवीर सिंह ने कहा कि कन्या साक्षात मां भगवती का स्वरूप हैं।
देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन करने से मां भगवती अत्यन्त प्रसन्न होती हैं। सभी को कन्याओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देने चाहिए। मां मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी प्रदीप शर्मा व अनिल शर्मा ने कहा कि जब जब देश पर कोई विपदा आयी है। पीड़ितों की मदद करने में संत समाज सदैव अग्रणी रहा है। कोरोना के रूप में आयी आपदा में भी संत गरीबों व जरूरतों की पूरी मदद कर रहा है। मंशा देवी मंदिर ट्रस्ट व निरंजनी अखाड़े की ओर से प्रतिदिन गरीब जरूरतमंदों को प्रशासन की मदद से खाना व आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर महंत डोंगर गिरी, स्वामी मधुरवन, स्वामी आशुतोष पुरी, दिगंबर राज पुरी, दिगंबर धनंजय गिरी, दिगंबर अमृत गिरी, भाजपा नेता विकास तिवारी उपस्थित रहे। पंडित केशवानंद पांडे, मुन्ना पंडित, संतोष दीक्षित, द्वारिका मिश्रा, राममोहन आदि पुरोहितों ने विधि विधान व मंत्रोच्चारण के साथ कन्या पूजन संपन्न कराया।