अमरीश
हरिद्वार, 9 जुलाई। आषाढ़ अमावस्या के अवसर पर भूपतवाला स्थित मुनि गिरी महाराज गौधाम ट्रस्ट में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुनि गिरी महाराज गौधाम ट्रस्ट के सचिव कृष्णचंद राणा ने बताया कि मुनि गिरी महाराज की प्रेरणा से आयोजित कार्यक्रम में संत महापुरूषों का सम्मान व भोजन प्रसाद का वितरण किया गया। कृष्णचंद राणा ने बताया कि मुनि गिरी महाराज गौधाम ट्रस्ट सेवा प्रकल्पों के माध्यम से निराश्रितों व जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर योगदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आषाढ़ अमावस्या का शास्त्रों में विशेष महत्व बताया गया है। आषाढ़ अमावस्या पर गंगा तट पर किए गए अनुष्ठान विशेष फलदायी होते हैं। धर्मप्रचार व मानव कल्याण में संत समाज का विशेष योगदान है। मानव कल्याण के लिए जीवन समर्पित करने वाले संतों के सानिध्य में ही व्यक्ति का कल्याण संभव है। उन्होंने कहा कि निर्मल जल के समान जीवन जीने वाले मुनि गिरी महाराज ने हमेशा ही मानव कल्याण में योगदान दिया है। गौसेवा, गंगा स्वच्छता, गरीब कन्याओं का विवाह जैसे कई प्रकल्प मुनि गिरी महाराज के सानिध्य में संचालित किए जा रहे हैं।
मुनि गिरी महाराज सेवा प्रकल्पों के माध्यम से निरंतर समाज उत्थान में अपना योगदान दे रहे हैं। गरीब, निसहाय निर्धन परिवारों की मदद करने का अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। भारतीय सनातन संस्कृति का प्रचार प्रसार संत महापुरूषों द्वारा किया जाना प्रशसंनीय है। देश दुनिया में सनातन संस्कृति व धर्म के प्रचार प्रसार से विदेशी भी सनातन धर्म संस्कृति को अपना रहे हैं। सतपाल शर्मा व महावीर सिंह ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया।