बांटने का प्रयास करने वालों से सावधान रहना होगा-एडवोकेट सज्जाद अहमद

Haridwar News
Spread the love

राहत अंसारी


हरिद्वार, 3 जनवरी। हाईकोर्ट के अधिवक्ता एडवोकेट सज्जाद अहमद ने प्रैस बयान जारी करते हुए कहा कि कुछ लोग अनावश्यक रूप से धर्मनगरी के शांत माहौल को खराब करने के उद्देश्य से कुछ लोगों को राजनीतिक लाभ देने की कोशिशें कर रहे हैं। धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। धर्मनगरी के लोगों को ऐसे लोगों से सावधान हो जाना चाहिए। धर्मनगरी में हमेशा ही लोगों ने एकता भाईचारे सौहार्द का संदेश दिया है।

आजादी के बाद से आज तक हरिद्वार नगरी में कभी भी धर्म के नाम पर किसी भी प्रकार कोई मतभेद नहीं हुआ है। सभी धर्म समुदाय के लोग आपसी सौहार्द एकता का परिचय देते हैं। लेकिन कुछ लोग बाहरी प्रदेशों से आकर अनर्गल बयानबाजी देकर लोगों को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के जनप्रतिनिधियों से भी अपील की कि ऐसे लोगों पर नकेल लगाने का काम करें। जोकि अपशब्द व अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर लोगों को बांटने के प्रयासों में लगे हुए हैं।

एडवाकेट सज्जाद अहमद ने कहा कि शांतिप्रिय स्थान हरिद्वार सदैव ही देश दुनिया में एकता भाईचारे का संदेश देता चला आ रहा है। लेकिन कुछ लोग घृणित कार्य कर रहे हैं। ऐसे लोगों की मंशा को समझना चाहिए। समाजसेवी, राजनैतिक दल एवं संत समाज को भी ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को अपशब्द, अमर्यादित व सामाजिक द्वेष फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर ठोस कदम उठाने चाहिए। जिससे धर्मनगरी की एकता भाईचारा सदैव बना रहे।