तनवीर
हरिद्वार, 1 जुलाई। सपा प्रमख अखिलेश यादव के 51वें जन्म दिवस पर सपा नेता महंत शुभम गिरी व कार्यकर्ताओं ने ललताराव पुल के समीप स्थित सपा कार्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 51 पौधों का रोपण किया और मिठाईयां बांटी तथा गंगा में दुग्धाभिषेक कर अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रार्थना की। महंत शुभम गिरी ने कहा कि अखिलेश यादव ने यूपी के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए उत्तर प्रदेश के विकास में अहम योगदान किया और गरीब, किसान, मजदूरों सहित समाज के सभी वर्गो के कल्याण के लिए कार्य किया। उत्तर प्रदेश के विकास के लिए उनके द्वारा किए कार्यो को आज भी जनता याद करती है।
महंत शुभम गिरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यूपी की जनता ने अखिलेश यादव को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। अखिलेश यादव लोकसभा में जनता की उम्मीदों के अनुरूप भूमिका निभा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डा.राजेंद्र पाराशर ने कहा कि अखिलेश यादव जननायक और गरीबों के मसीहा हैं। महानगर अध्यक्ष लव दत्ता, वरिष्ठ समाजवादी विचारक चिंतक स्वामी दिवाकर ने कहा कि अखिलेश यादव देश का भविष्य हैं। कपिल जौनसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 लोकसभा सीट जीतकर अखिलेश यादव ने इतिहास रचते हुए सपा को लोकसभा में तीसरे नंबर की पार्टी बना दिया। इस अवसर पर जयराम, मांगेराम प्रधान, श्रवण शंखधार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।