अमरीश
हरिद्वार, 13 जुलाई। नगर निगम प्रशासन द्वारा रोड़ी बेलवाला स्थित महिला पिक वेंडिंग जोन से दुकानें हटाकर बेलवाला ग्राउंड में रखे जाने के विरोध में वेंडिंग जोन की महिला लाभार्थियों ने लघु व्यापार एसोएिसशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में प्रदर्शन कर विरोध जताया। संजय चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 2018 में सरकार के निर्देशन में नगर निगम प्रशासन द्वारा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के लघु व्यापारियों का सर्वे व पंजीकरण के पश्चात पिंक वेेंडिंग जोन की स्थापनाा की थी। जिसमें महिला लाभार्थियों को दुकानें आवंटित की गयी थी। लेकिन अब कावड़ मेला के नाम पर दुकानों को पिंक वेंडिंग से हटाया जा रहा है। जोकि फेरी नीति नियमावली का उल्लंघन है।
संजय चोपड़ा ने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर यदि नगर निगम प्रशासन द्वारा महिला पिक वेंडिंग जोन की लाभार्थी महिलाओं को उचित स्थान पर स्थापित नहीं किया तो 15 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। महिला पिंक वेंडिंग जोन की अध्यक्ष पूनम माखन ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के निर्देशन मे हरिद्वार नगर निगम प्रशासन द्वारा देश का पहला महिला पिक वेंडिंग जोन रोड़ी बेलवाला में बनाया गया था। महिला पिक वेंडिंग जोन की सभी लाभार्थी महिलाओं ने नगर निगम प्रशासन की सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बैंकों से लोन ले रखे हैं। महिला पिक वेंडिंग जोन को जिस स्थान पर ले जाया गया है। वहां कारोबार संचालित नहीं हो सकेगा।
महिलाएं बैंक ऋण की किश्तें भी अदा नहीं कर पाएंगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा सरकार के निर्देशन में स्थापित किए गए महिला पिक वेंडिंग जोन को हटाया जाना सभी लाभार्थी महिलाओं के साथ कुठाराघात है। प्रदर्शनकारियों में पूनम, रितु अग्निहोत्री, कामिनी मिश्रा, सुनीता शर्मा, विजयलक्ष्मी, मीना शर्मा, सिंधु, मोनिका, पूनम शर्मा, गुनगुन सैनी, सावित्री देवी, सीमा देवी, आशा देवी, सुमन, पुष्पा दास, राजकुमार, कपिल सिंह, नीतीश अग्रवाल, कृष्णपाल यादव, कमल शर्मा, नंदकिशोर गोस्वामी, नीरज कश्यप, मोहनलाल, सनी वर्मा, आशु सिंह, दारा सिंह, नरेश सैनी, रोहित गोस्वामी, मोनू तोमर, कमल सिंह राजकुमार एंथोनी आदि लघु व्यापारी शामिल रहे।