तनवीर
हरिद्वार, 18 जनवरी। कांग्रेस मेयर प्रत्याशी अमरेश देवी ने वार्ड 50 मैदानियान से कांग्रेस प्रत्याशी नीलोफर अंसारी के साथ डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान चलाया और वोट की अपील की। अमरेश देवी ने कहा कि मैदानियान की जनता निश्चित रूप से कांग्रेस के पक्ष में वोट करेगी। नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा और नीलोफर अंसारी वार्ड के विकास में योगदान देंगी। नीलोफर अंसारी ने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने बिजली, पानी, सड़क एवं सफाई व्यवस्था लागू कराने में निर्णायक भूमिका निभाई।

उन्होंने हमेशा वार्ड वासियों की मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा है। गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही महिलाओं की पेंशन, राशन कार्ड एवं स्वास्थ्य कार्ड विशेष रूप से बनवाए। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध कराना उनका लक्ष्य है। क्षेत्र में शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए अभियान भी चलाएंगी। जनता के आशीर्वाद से वार्ड को सुविधायुक्त बनाने के लिए लगातार कार्य करती रहेंगी।
नीलोफर अंसारी के पति हाजी शहाबुद्दीन अंसारी ने कहा कि कांग्रेस ही विकास कर सकती है। नीलोफर अंसारी ने वार्ड वासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभायी है। जन समस्याओं का निराकरण कराने में योगदान दिया है। जनता नीलोफर अंसारी के विकास कार्यो पर मोहर लगाएगी। वरूण बालियान ने कहा कि नीलोफर अंसारी शिक्षित महिला हैं। महिला होने के नाते महिलाओं की समस्याओं को अच्छे से समझती हैं। उनके नेतृत्व में वार्ड का चहुंमुखी विकास होगा।


