तनवीर
हरिद्वार, 16 मई। श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र हरिद्वार ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वैश्य समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। पुराना रानीपुर स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित संगठन की बैठक के दौरान संस्थापक अशोक अग्रवाल ने कहा कि छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें आईआईटी रुड़की में एक दिवसीय प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा। बच्चे आगे किस क्षेत्र में जाना चाहते हैं। इसके लिए उनकी कांउसलिंग भी करायी जाएगी।
अशोक अग्रवाल ने कहा कि आज के छात्र-छात्राएं आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश के विकास में योगदान कर सकें। इसके लिए उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्द्धन किया जाना चाहिए। युवा पीढ़ी ही देश का भविष्य है और शिक्षित समाज बेहतर तरीके से राष्ट्र की उन्नति में योगदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि बालक बालिकाओं को समान शिक्षा दिए जाने को लेकर भी सभी को प्रयास करने चाहिए। बैठक में विनीत अग्रवाल, महावीर प्रसाद मित्तल, माध्विक मित्तल, मुदित तायल, रविंद्र गुप्ता, डा.अजय अग्रवाल, नितिन गुप्ता आदि मौजूद रहे।


