सभी अखाड़े मिलकर दिव्य ओर भव्य स्वरूप में संपन्न कराएंगे कुंभ मेला-स्वामी अरूण गिरी
हरिद्वार, 21 अगस्त। मेला प्रशासन अगले वर्ष होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को तेजी से पूरा करने में जुटा है। कुंभ मेला व्यवस्थाओं को लेकर मेला प्रशासन के अधिकारी अखाड़ों के संतों से विचार विमर्श कर रहे हैं। शुक्रवार को अपर कंुभ मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने भूपतवाला स्थित आह्वान अखाड़ा पहुंचकर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज से भेंटकर कुंभ मेला व्यस्थाओं पर चर्चा की।
चर्चा के दौरान आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अरूण गिरी महाराज ने सभी अखाड़ों को आचार्य पीठ के लिए चंडी द्वीप में अधिक से अधिक भूमि और सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने और भूपतवाला में आह्वान अखाड़ा घाट बनवाने की मांग की। स्वामी अरूण गिरी महाराज ने कहा कि सभी अखाड़े मिलकर कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप में संपन्न कराएंगे। कुंभ मेले के दौरान आह्वान अखाड़े द्वारा श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए पौधे वितरित किए जाएंगे और पौधों के वृक्ष बनने तक देखभाल का संकल्प दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कुंभ मेले में चंडी द्वीप पर सभी अखाड़ों की आचार्य पीठ स्थापित की जाती है। आचार्य पीठ की स्थापना के लिए सभी अखाड़ों को अधिक से अधिक भूमि और सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं। जिससे सुविधाजनक तरीके से धार्मिक गतिविधियों का संचालन किया जा सके। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि सभी संत महंत पूज्यनीय हैं।
कुंभ मेले में अखाड़ों, संतों और श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए सभी अखाड़ों के संतों से निरंतर विचार विमर्श कर सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान संतों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। सभी के सहयोग से कुंभ मेला भव्य रूप से संपन्न होगा। इस दौरान आह्वान अखाड़े के थानापति महंत किशनपुरी, महंत आनंद गिरी, महंत गोविंदपुरी, महंत अभयानंद गिरी, महंत नटराज पुरी, पंडित अबोधाचार्य मौजूद रहे।


