हाईवे पर खनन वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाए प्रशासन-कपिल शर्मा जौनसारी

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 10 अप्रैल। समाजसेवी कपिल शर्मा जौनसारी ने पुलिस और प्रशासन से हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले रेत बजरी से लदे ट्रकों पर अंकुश लगाने की मांग की है। कपिल शर्मा जौनसारी ने कहा कि हाईवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे खनन सामग्री से भरे वाहनों के कारण आए दिन दुघर्टनाएं हो रही हैं। दिन दहाड़े तेज रफ्तार से दौड़ रहे खनन वाहनों पर प्रशासन कोई अंकुश नहीं लगा पा रहा है। जबकि एक आदमी सीट बेल्ट ना लगाए या बिना हेलमेट के बाइक चला रहा हो तो उस पर तुरंत कार्रवाई कर दी जाती है।

लेकिन तेज रफ्तार से दौड़ने वाले खनन समग्री से भरे वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। कुछ दिन पूर्व लच्छीवाला टोल प्लाजा पर डंपर के अनियंत्रित होने की वजह से कार सवार दो लोगों के साथ दुर्घटना हो गयी थी। इसके बाद हाल ही मे विकासनगर मे बाइक सवार नवयुवक ट्रक की चपेट मे आ गया। बहादराबाद में ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबकर डेढ साल के मासूम की मौत हो गयी। कपिल शर्मा जौनसारी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन को हाईवे पर दुर्घटना का सबब बनकर दौड़ रहे खनन वाहनों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।