अमरीश
विहिप पदाधिकारियों ने हरिद्वार में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष को पत्रक सौंपकर की अभियान की शुरूआत
हरिद्वार, 1 जनवरी। अखिल भारतीय संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, विहिप के केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक तिवारी, प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार ने अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के दर्शन हेतु पूजित अक्षत निमंत्रण अभियान का शुभारंभ करते हुए कनखल में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज जानकारी से संबंधित पत्रक सौंपा। विहिप के केंद्रीय मंत्री तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक तिवारी ने बताया कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के लिए देशव्यापी निमंत्रण दिए जा रहे हैं।
पूजित अक्षत उत्तराखण्ड राज्य के 16 हजार गाँवों के 20 लाख परिवारों में भेजा जाएगा। इसके लिए 15 दिन का महाअभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत हर शहर, हर गांव, हर बस्ती और हर घर जाकर लोगों को निमंत्रित करेंगे और कहेंगे कि भगवान श्रीराम 500 वर्ष बाद अपने घर लौट रहे हैं। हम सब लोग भी घर से बाहर निकलें और घर-घर जाकर अपने पास के मंदिर में 22 जनवरी की सुबह 11 बजे से लेकर 2 बजे तक प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हों, जिसका सीधा प्रसारण अयोध्या से किया जाएगा।
भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी को होना है। इस अभियान के तहत विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता और भगवान श्री राम में आस्था रखने वाले लोग घर-घर जाकर अक्षत निमंत्रण देंगे और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के माध्यम से भेजे गए संदेश को भी लोगों तक पहुंचाएंगे। इस निमंत्रण में पूजित अक्षत के साथ भगवान राम की एक तस्वीर होगी. इसके साथ ही इसमें एक पत्रक को भी दिया जाएगा, जिसे खासतौर पर छपवाया गया है। इसके जरिए भक्तों को भगवान की राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की जानकारी दी जाएगी।
अयोध्या राम मंदिर में पूजित अक्षत के साथ घर-घर जाकर लोगों को यह संदेश भी दिया जा रहा है कि प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के दिन अपने नजदीकी मंदिर में जाएं और इस कार्यक्रम के साक्षी बनें। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद उत्तराखण्ड के प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार, बलराज डूंगर पूर्व प्रांत संयोजक बजरंग दल मेरठ प्रांत, मयंक चैहान धर्माचार्य संपर्क प्रमुख हरिद्वार उपस्थित रहें।