पेयजल आपूर्ति बाधित होने और गंदा पानी आने से गुस्साए लोगों ने फूंका जल संस्थान का पुतला

Haridwar News
Spread the love


अधिशासी अभियंता कार्यालय पर धरने की चेतावनी दी
हरिद्वार, 8 जून। रविदास बस्ती कनखल में पेयजल आपूर्ति बाधित होने व नलों से गंदा पानी आने से गुस्साए लोगों ने वार्ड पार्षद भूपेंद्र कुमार के नेतृत्व में जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि लंबे समय से पानी की आपूर्ति ठीक ठंग से नहीं हो रही है। कई बार इसकी शिकायत की गयी। लेकिन जल संस्थान के अधिकारी कोई सुध नहीं ले रहे हैं।

पानी की नियमित सप्लाई ना होने और नलों से गंदा पानी आने की वजह से पेयजल की किल्लत के साथ गृहणियों को खाना पकाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्षद भूपेंद्र कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि तीन दिन के भीतर व्यवस्था नहीं सुधरी तो जल संस्थान के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर धरना शुरू किया जाएगा।

स्थानीय निवासी चंद्रप्रकाश जोशी ने कहा कि लगभग एक महीने से पानी में कीड़े आ रहे हैं। सुमन ने कहा कि थोड़ा बहुत पानी आता भी है तो उसमें भी कीड़े निकल रहे हैं। जिससे भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पानी नहीं मिलने के कारण घर का कामकाज करने में भी मुश्किल हो रही है।