कमल खडका
हरिद्वार, 5 दिसंबर। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सुनील अरोड़ा ने प्रैस बयान जारी करते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यक्रम में जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ायी गयी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा जुटा रहा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य के दिशा निर्देशों का पालन भाजपा के कार्यक्रमों में नहीं हो पा रहा है। खुले रूप से शीर्षनेता व कार्यकर्ता नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। जबकि आम नागरिकों पर कोरोना संक्रमण के उपायों को ना अपनाने पर जुर्माना लगाया जा रहा है।
सुनील अरोड़ा ने कहा कि विवाह समारोह में मात्र पचास लोगों को शामिल होने का फरमान थोपा जा रहा है। जबकि भाजपा के कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में जुट रहे कार्यकर्ता दो गज की दूरी का पालन भी नहीं कर रहे हैं। शासन प्रशासन भी आम जनता को ही कोरोना संक्रमण को लेकर सचेत करता रहता है। पुलिस के आला अधिकारियों के द्वारा भी बार बार सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करने के आदेश आम नागरिकों पर लागू कराए जाते हैं। पुलिस भी लगातार सरकार द्वारा दी जा रही गाईड लाईन का पालन नहीं करने पर मोटे चालान कर वूसली करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दबाव में आकर शासन प्रशासन भी भेदभाव पूर्ण नीति अपना रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम करने पर मुकद्मे लगाए जा रहे हैं।
भेदभावपूर्ण नीति पूरे राज्य में अपनायी जा रही है। कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सभी को विशेष ध्यान रखना चाहिए। लेकिन भाजपा के कार्यक्रमों में राज्य एवं केंद्र सरकार की गाईड लाईन का खुलकर उल्लंघन किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हरिद्वार दौरे में कार्यक्रमों में जमकर भीड़ हुई। दबाव की राजनीति का असर साफ तौर पर देखा जा सकता है।