भाजपा कार्यकर्ताओ ने रखा मौन व्रत

Politics
Spread the love

अमरीश

हरिद्वार, 24 मई। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जगजीतपुर स्थित भाजपा जिलस कार्यालय में जिला अध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में मौन व्रत रखा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष डा.जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा सहित राज्य की स्वयंसेवी संस्थाएं एक और जहां कोरोना पीड़ितों का जीवन बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस धरना प्रदर्शन करने में मशगूल है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मौन व्रत रखकर प्रार्थना की है कि कांग्रेस के नेताओं को सद्बुद्धि मिले और वे अपने बड़े नेताओं से सीख लें। यह समय कोरोना से लड़ने का है ना कि जनता से लड़ने का। जिला महामंत्री विकास तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता सेवा ही संगठन के माध्यम से जनसेवा में जुटे हैं। जिला एवं मंडल स्तर पर चलाए जा रहे कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार लोगों की सेवा कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस आपदा की इस मुश्किल घड़ी में भी केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है और संवेदनहीनता का परिचय दे रही है।

महामारी को लेकर निम्न स्तर की राजनीति पर उतारू है। इस समय दलीय प्रतिबद्धताओं को छोड़कर कोरोना के खिलाफ एक साथ मिलकर लड़ाई लड़नी चाहिए। इस दौरान विधायक देशराज कर्णवाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुनील सैनी, जिला उपाध्यक्ष अनिल अरोड़ा, संदीप गोयल, जिला कार्यालय प्रभारी लव शर्मा उपस्थित रहे।