किसान आयोग का शीघ्र गठन किया जाए-धर्मेद्र चौधरी
हरिद्वार, 17 जून। भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह का भूपतवाला स्थित कबीर आश्रम प्रांगण में आयोजित त्रिदिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर बुधवार को संपन्न हो गया। शिविर में देश के विभिन्न राज्यों से आए किसान प्रतिनिधियों, संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा किसानों की वर्तमान समस्याओं, कृषि क्षेत्र की चुनौतियों, किसान हितों की रक्षा एवं संगठन के विस्तार को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया।
संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। शिविर के समापन अवसर किसानों को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौधरी ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए राष्ट्रीय किसान आयोग का गठन किया जाए। यूनियन केन्द्र सरकार से पूरी उम्मीद है कि किसानों की प्रमुख मांगों, विशेषकर राष्ट्रीय किसान आयोग के गठन सहित अन्य मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र सरकार द्वारा किसानों की मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आसपास आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के किसानों की एक विशाल किसान महापंचायत बुलाकर आगे की रणनीति एवं आंदोलनात्मक कार्यक्रमों पर निर्णय लिया जाएगा। धर्मेन्द्र चौधरी ने कहा कि भारत का किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा एवं ग्रामीण विकास का आधार स्तंभ है।
किसानों को न्यायसंगत मूल्य, सस्ती कृषि लागत, बेहतर सिंचाई व्यवस्था, सरल प्रशासनिक प्रक्रियाएं एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। किसानों की समृद्धि से ही भारत आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री संतोष शाह, राष्ट्रीय प्रवक्ता सत्यवीर सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रवेन्द्र चौबे, प्रदेश प्रवक्ता सीमा शर्मा, जिला अध्यक्ष मेरठ हिमांशु त्यागी, मेंबर सिंह रावत, प्रदेश संगठन मंत्री फौरन सिंह रावत, जिला अध्यक्ष अलीगढ़ अमर नोहवार, जिला अध्यक्ष मथुरा धर्मेंद्र तोमर, जिला अध्यक्ष आगरा नरेंद्र गुर्जर, युवा जिला अध्यक्ष मथुरा अमित चौधरी, मंडल अध्यक्ष अलीगढ़ निधिराज यादव, युवा मंडल अध्यक्ष अलीगढ़ सुनीत चौधरी, प्रदेश सचिव रामगोपाल बघेल, मंडल अध्यक्ष आगरा निर्मला ठाकुर, जिला प्रभारी सहारनपुर आसिफ खान, जिला अध्यक्ष अमरोहा कुलदीप त्यागी, क्षेत्र अध्यक्ष रोहिलखंड राहुल शर्मा, पूजा, संगीता देवी, महेंद्र सिंह, मुख्य संरक्षक कृपाल सिंह बाबूजी, जिला अध्यक्ष हरिद्वार अनीता मित्तल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


