हरिद्वार, 16 जून। दिनों-दिन बढ़ रही अस्थि रोग से सम्बंधित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बीएचईएल के चिकित्सा विभाग द्वारा एशियन अस्पताल फरीदाबाद के सहयोग से सेवारत एवं सेवानिवृत कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों के लिए बोन मिनरल डेंसिटी जांच शिविर का आयोजन किया गया। भेल मुख्य चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग में आयोजित शिविर का उद्घाटन महाप्रबंधक (पीसीआरआई) अमित श्रीवास्तव ने किया।
अमित श्रीवास्तव ने शिविर के आयोजन के लिए चिकित्सा विभाग की सराहना की तथा भवष्यि में भी इस तरह के उपयोगी कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समय रहते की गई जांच के माध्यम से हड्डियों से संबंधित बीमारियों को और अधिक गंभीर होने से रोक सकते हैं। प्रमुख (चिकित्सा सेवाएं) डा..शारदा स्वरूप ने बताया कि शिविर का उद्देश्य हड्डियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं से समय रहते सचेत होना है।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी कर्मियों द्वारा लगभग 400 व्यक्तियों की बीएमडी जांच की गई। साथ ही जांच परिणामों के आधार पर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया व संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर भेल महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, चिकित्सक, पैरा-मेडिकल स्टॉफ के सदस्य मौजूद रहे।


