निरंतर प्रतियोगिताओं के आयोजन से सामने आ रही कुश्ती प्रतिभाएं-ब्रजभूषण शरण सिंह

Haridwar News
Spread the love

राकेश वालिया


कुश्ती के प्रति युवाओं का बढ़ता रूझान उत्साहजनक-स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती
हरिद्वार, 15 नवम्बर। भारतीय कुश्ती संघ द्वारा प्रेमनगर आश्रम में आयोजित ग्रेण्ड प्रिक्स नेशनल रैसलिंग चैम्पियनशिप के अंतिम दिन की प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती महाराज व भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने किया। पहलवानों को आशीर्वाद देते हुए पूर्व गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती महाराज ने कहा कि कुश्ती भारत का पारंपरिक खेल है।

धर्म ग्रंथों में भी मल्ल युद्ध के नाम से कुश्ती का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि कुश्ती के प्रति युवाओं में बढ़ता रूझान उत्साहजनक है। पुरूषों के साथ महिला पहलवान भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही है। भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए भारतीय कुश्ती संघ निरंतर प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। लगातार प्रतियोगिताओं का आयोजन से खिलाड़ियों को अपना हुनर प्रदर्शित करने के लिए मंच मिल रहा है।

जिससे प्रतिभावान खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत व लगन से उच्च मुकाम पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। शारीरिक सौष्ठव बनाए रखने के लिए पौष्टिक डाइट जरूरी है। उत्तराखण्ड कुश्ती संघ के अध्यक्ष पूर्व मंत्री नवप्रभात ने कहा कि उत्तराखण्ड में कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। भारतीय कुश्ती संघ के सहयोग से प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। हरिद्वार के बाद अन्य जिलों में भी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। बाबा बलराम दास हठयोगी महाराज ने कहा कि हरिद्वार में राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित होने से उत्तराखण्ड के युवाओं का रूझान कुश्ती के प्रति बढ़ेगा।

महामण्डलेश्वर स्वामी यतिन्द्रानंद गिरी महाराज व पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि उत्तराखण्ड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरकार को कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करने चाहिए।

इस अवसर पर महंत रामदास, महंत प्रदीप गिरी, महंत दयाराम दास, महंत प्रपन्नाचार्य, महंत लोकेश दास, महंत रामकुमार दास, महंत उमाकांतानन्द, स्वामी ऋषिश्वरानन्द, महंत दुर्गादास, कारोबारी महंत गोविंददास, संजय चतुर्वेदी, पवन शर्मा, महेंद्र त्रिपाठी, भारतीय कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड कुश्ती संघ के महासचिव डा.एसपी देशवाल, मेरठ कुश्ती संघ के अध्यक्ष बालेंद्र, अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती कोच गजेंद्र पहलवान, बागपत कुश्ती संघ के अध्यक्ष भूपेश राणा, डा.ललित कुमार, राहुल शर्मा, दुर्गेश पाण्डेय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *